उत्तराखंड

अल्पसंख्यक मेधावी बालिकाओं के लिए प्रोत्साहन योजना शुरू : 60% अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को मिलेगा लाभ

चम्पावत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बालिका शिक्षा एवं अल्पसंख्यक समुदाय के शैक्षिक सशक्तिकरण की सोच को आगे बढ़ाते हुए जनपद चम्पावत में मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उपनिदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण उत्तराखण्ड, देहरादून द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) से प्राप्त जनपदवार सूची के आधार पर वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में 60 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली अल्पसंख्यक समुदाय की छात्राओं को योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पात्र छात्राओं का समयबद्ध सत्यापन कर उन्हें योजना का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की योजनाएं छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत ने बताया कि उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर जनपद की पात्र छात्राओं का सत्यापन किया जायेगा । सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत नियमानुसार प्रोत्साहन राशि वितरण की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय की मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि जिला शिक्षाधिकारी के माध्यम से विद्यालयों की छात्राओं को भी योजना की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी तथा आवश्यक अभिलेख समय पर प्राप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *