सतपाल महाराज और धन सिंह रावत ने भारतीय जनता पार्टी के नव निर्मित जिला कार्यालय भवन का किया उद्घाटन
पौड़ी : जनपद पौड़ी में सतपाल महाराज और धन सिंह रावत ने संयुक्त रूप से भारतीय जनता पार्टी के नव निर्मित जिला कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विधिवत पूजा-अर्चना और रिबन काटकर भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यालय का उद्घाटन नहीं, बल्कि संगठन की शक्ति, कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और जनसेवा के नए संकल्प का केंद्र है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भवन संगठन को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लगातार विस्तार कर रही है। वर्ष 2014 के बाद पार्टी की बढ़त केवल चुनावी जीत तक सीमित नहीं रही, बल्कि विचारधारा, संगठन और जनविश्वास की भी जीत है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, जिसके करोड़ों सदस्य हैं और देश के कई राज्यों में उसकी सरकारें हैं।
उन्होंने संगठन के “पन्ना प्रमुख” और “शक्ति केंद्र” जैसे मॉडल का जिक्र करते हुए कहा कि बूथ स्तर तक मजबूत ढांचा भाजपा की ताकत है। पार्टी हमेशा राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि और जनसेवा के सिद्धांतों पर चलती रही है।
सतपाल महाराज ने कहा कि जिला कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए संवाद, प्रेरणा और सेवा का केंद्र बनेगा, जहां से सरकार की योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को समाज के हर वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भवन निर्माण में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार जताया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कमल किशोर, विधायक राजकुमार फौरी, जिला महामंत्री गणेश भट्ट, महिपाल सिंह नेगी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष परमिला भंडारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गणेश राठी सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

