उत्तराखंड

आईआईएससी बेंगलुरु में प्रशिक्षण लेंगे उत्तराखंड के 80 शिक्षक,रिसर्च और इनोवेशन के सीखेंगे नए गुण 

देहरादून : उत्तराखंड के उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के 80 चयनित शिक्षकों को देश के प्रतिष्ठित संस्थान Indian Institute of Science, बेंगलुरु में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विज्ञान शिक्षण को अधिक प्रयोगात्मक, शोध आधारित और नवाचार उन्मुख बनाना है।

अधिकारियों के अनुसार यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 24 अप्रैल से 9 मई 2026 तक आयोजित होगा। इसमें विज्ञान संवर्ग के शिक्षकों को नवीनतम वैज्ञानिक अनुसंधान, प्रयोगात्मक दृष्टिकोण और आधुनिक शिक्षण विधियों की बारीकियां सिखाई जाएंगी, ताकि वे विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और जिज्ञासा विकसित कर सकें।

यह पहल “मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन एवं ज्ञानवर्धन प्रशिक्षण योजना” के तहत की जा रही है, जिसके अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग और आईआईएससी के बीच एमओयू भी हस्ताक्षरित किया गया है। योजना का उद्देश्य शिक्षकों को उन्नत प्रशिक्षण देकर शिक्षण संस्थानों में शोध एवं प्रयोगात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

इस बैच में भौतिक विज्ञान के 16, रसायन विज्ञान के 19, गणित के 13, वनस्पति विज्ञान के 16 तथा जन्तु विज्ञान के 16 शिक्षक शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और विज्ञान शिक्षा के नए आयामों से परिचित होंगे।

उच्च शिक्षा सचिव डाॅ. रणजीत सिन्हा ने बताया कि इस पहल से प्रदेश में विज्ञान शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। प्रशिक्षित शिक्षक अपने संस्थानों में लौटकर विद्यार्थियों को अधिक प्रभावी और रोचक तरीके से पढ़ा सकेंगे।
वहीं उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रतिष्ठित संस्थानों में इस प्रकार के प्रशिक्षण से शिक्षा को अधिक गुणवत्तापूर्ण, नवोन्मेषी और भविष्य उन्मुख बनाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित शिक्षक अपने अनुभव और ज्ञान से अधिकाधिक छात्रों को लाभान्वित करेंगे और प्रदेश में विज्ञान आधारित शिक्षा को नई दिशा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *