Wednesday, March 11, 2026
Latest:
उत्तराखंड

रसोई गैस व पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन

देहरादून : रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में यूथ कांग्रेस ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रेम नगर चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई।

प्रदर्शन यूथ कांग्रेस नेता रितेश छेत्री के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

इस अवसर पर रितेश छेत्री ने कहा कि सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी की कमर टूट गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई के मुद्दे पर सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं दिख रही है।

वक्ताओं ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि का सबसे अधिक असर गृहस्थी चलाने वाले परिवारों, खासकर महिलाओं पर पड़ रहा है। वहीं पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से परिवहन लागत बढ़ जाती है, जिसका सीधा असर आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है और महंगाई और अधिक बढ़ जाती है।

इस दौरान व्यापार मंडल नेता राजेश शर्मा ने कहा कि बढ़ती महंगाई का असर छोटे व्यापारियों और दुकानदारों पर भी पड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ जाता है, जिसका असर व्यापार और उपभोक्ताओं दोनों पर पड़ता है। वहीं व्यापार मंडल नेता राजीव पुंज ने कहा कि महंगाई के कारण बाजारों की रौनक कम हो रही है और व्यापार पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

यूथ कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस और यूथ कांग्रेस सड़कों पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।

प्रदर्शन में संजय शर्मा, लाल चंद शर्मा, गरिमा मेहरा दसौनी, संगीता गुप्ता, दीवान सिंह बिष्ट, पिया थापा, आशीष देसाई, कैलाश बाल्मीकि, अनिल बस्नेत, विनय शर्मा, अनूप शर्मा, सुखपाल गांधी, अशोक गुप्ता, हेली, कुलदीप नरूला, हरदीप, इशू, मयंक, सोनू बिष्ट, पीयूष जोशी, प्रियांशु गौड़, वंश सूद सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *