उत्तराखंड

सेना के जवानों के साथ सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मनाई होली

देहरादून : होली के पावन अवसर पर उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गढ़ी कैंट स्थित सैन्य क्षेत्र में सेना के जवानों के साथ रंगोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने 127 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) के जवानों से मुलाकात कर उनके साथ होली खेली और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। मंत्री ने जवानों के उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके समर्पण और सेवा भावना की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री जोशी ने सैन्य क्षेत्र के विभिन्न प्रवेश द्वारों पर तैनात सैनिकों को भी मिठाई वितरित कर होली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिक विषम परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, जिससे देशवासी सुरक्षित और शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत कर पाते हैं। ऐसे में त्योहारों के अवसर पर उनके बीच जाकर उनका उत्साहवर्धन करना हम सभी का दायित्व है।

मंत्री ने भारतीय सेना के जवानों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली भाईचारे, प्रेम और समरसता का पर्व है, जो समाज को एकजुट रखने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री भी विभिन्न पर्वों पर सैनिकों के बीच जाकर त्योहार मनाते हैं, जिससे वीर जवानों का मनोबल और अधिक सुदृढ़ होता है।
इसके उपरांत मंत्री जोशी तिलक रोड स्थित आरएसएस कार्यालय में आयोजित होली उत्सव में भी शामिल हुए, जहां उन्होंने स्वयंसेवकों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में रंगों का पर्व मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *