Friday, July 24, 2026
Latest:
उत्तराखंड

पॉजिटिव सैंपलों की जीनोम सीक्वेंसिंग जांच में लगेगा एक हफ्ता, दो बुजुर्ग संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट,सचिव स्वास्थ्य ने लोगों से की अपील घबराएं नहीं, सावधानी व सतर्कता बरतें

देहरादून : राजधानी देहरादून में दो बुजुर्ग कोरोना संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। दोनों संक्रमित के सैंपलों में कोविड के नए स्वरूप की पहचान के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग जांच की जा रही है। इसकी रिपोर्ट आने वाले एक सप्ताह का समय लगेगा। सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर राजेश कुमार ने लोगों से अपील की कि कोविड संक्रमण से घबराएं नहीं, सावधानी व सतर्कता बरतें। बताया, मैक्स अस्पताल में भर्ती रहे 77 वर्षीय पुरुष और दून मेडिकल कॉलेज में 72 वर्ष की महिला मरीज की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

कोविड के नए वैरिएंट जेएन.1 की पहचान के लिए दोनों संक्रमित मरीजों के सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग जांच की जा रही है। बताया, मैक्स अस्पताल में भर्ती संक्रमित मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बताया, मरीज पूर्व से ही कई अन्य बीमारियों से ग्रसित हैं। जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है, जबकि दून अस्पताल में भर्ती महिला का कोविड वार्ड में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम महिला के स्वास्थ्य पर नजरें बनाए हैं।

कोविड प्रबंधन में किसी भी तरह कोताही नहीं बरतने के निर्देश
स्वास्थ्य सचिव ने बताया, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर कोविड प्रबंधन को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है। सभी डीएम, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और चिकित्सा अधीक्षकों को चिकित्सालय स्तर पर कोविड के उपचार को लेकर सभी तैयारियों को लेकर लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम रोगी के निवास स्थान पर नियंत्रण व रोकथाम की कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं। सभी सीएमओ को कोविड प्रबंधन में किसी भी तरह कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

कोविड के नए वैरिएंट से निपटने के लिए प्रदेश सरकार की पुख्ता तैयारियां हैं। स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड़ पर रखा गया है। साथ ही संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों की निगरानी की जा रही है। राज्य में कोरोना के नए स्वरूप से निपटने के लिए पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं और मानव संसाधन उपलब्ध हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *