उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महाराष्ट्र बीएमसी चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर व्यक्त की प्रसन्नता
लखनऊ :उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महाराष्ट्र नगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक एवं बंपर जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त, दूरदर्शी और विकासोन्मुख नेतृत्व पर महाराष्ट्र की जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।
मौर्य ने इस शानदार जीत के लिए प्रदेश अध्यक्ष महाराष्ट्र रवीन्द्र चव्हाण , मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस , उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और महाराष्ट्र भाजपा नेतृत्व, सभी विजयी प्रत्याशियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और सहयोगी दलों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा महाराष्ट्र की जागरूक जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश “विकसित भारत” के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
उप मुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि बीएमसी जैसे देश के सबसे बड़े नगर निकाय में भाजपा को मिला यह प्रचंड जनादेश इस बात का स्पष्ट संकेत है कि शहरी विकास, पारदर्शी प्रशासन, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जनता का भरोसा निरंतर मजबूत हो रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक सुधारों और विकास कार्यों का सकारात्मक प्रभाव आज नगर निगम स्तर तक स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने बुनियादी ढांचे के विकास, स्वच्छता, आवास, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिसके कारण जनता ने एक बार फिर भाजपा को अपना समर्थन दिया है।

