उत्तराखंड

आपदा के जख्मों पर मरहम लगाने आज आ रहे प्रधानमंत्री माेदी, घोषित कर सकते हैं आपदा राहत पैकेज 

रुद्रप्रयाग: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड आ रहे हैं. वो आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण करेंगे. ऐसे में उम्मीद है कि उत्तराखंड को आपदा राहत के लिए बड़ी धनराशि मिल सकती है. इधर रुद्रप्रयाग डीएम भी लगातार आपदा प्रभावित बसुकेदार इलाके का दौरा कर रहे हैं. जिलाधिकारी प्रतीक जैन कई किलोमीटर पैदल चलकर खुद आपदाग्रस्त इलाकों में राहत और बचाव कार्यों का जायजा ले रहे हैं.

रुद्रप्रयाग डीएम प्रतीक जैन खुद पहुंच रहे ग्राउंड जीरो: आपदा के बाद प्रशासन की मुस्तैदी और चल रहे कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लेने के लिए रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन स्वयं ग्राउंड ज़ीरो पर पहुंचे. उन्होंने छेनागाड़ क्षेत्र में चल रहे राहत व बचाव अभियानों का निरीक्षण किया और मौके पर कार्यरत एसडीआरएफ, एनडीआरएफ व डीडीआरएफ की टीमों का मनोबल बढ़ाया.

कठिन परिस्थितियों में राहत-बचाव कार्य जारी: जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि भारी बारिश और भू-स्खलन के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जिससे राहत कार्यों में कठिनाई हो रही है. इसके बावजूद सभी एजेंसियां पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ लापता लोगों की खोज और प्रभावितों की सहायता में जुटी हुई हैं. उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छेनागाड़ को जोड़ने वाले मार्ग को शीघ्र बहाल किया जाए. उन्होंने बताया कि दो स्थान ऐसे हैं जहां कार्य में अत्यधिक बाधाएं आ रही हैं, लेकिन फिर भी प्रशासन का लक्ष्य है कि आगामी दो से तीन दिनों में मार्ग को चालू कर दिया जाए, ताकि भारी मशीनें राहत स्थल तक पहुंच सकें और खोज कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके.

ड्रोन सर्वे और हेलीकॉप्टर की मदद से राहत कार्य: आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करने के लिए ड्रोन कैमरों की सहायता ली जा रही है. तालजामण से लेकर छेनागाड़ तक की स्थिति का हवाई सर्वेक्षण कर पुनर्निर्माण की योजनाएं बनाई जा रही हैं. जिलाधिकारी ने बताया कि इस तकनीकी मदद से न केवल राहत कार्यों में तेजी आ रही है, बल्कि पुनर्स्थापना की योजनाएं भी प्रभावी ढंग से बनाई जा रही हैं. साथ ही, प्रभावित लोगों तक जरूरी राहत सामग्री पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद भी ली जा रही है. जिलाधिकारी ने बताया कि राहत वितरण की रफ्तार को और तेज किया जाएगा ताकि हर परिवार तक समय पर आवश्यक सामान पहुंचाया जा सके. इस कार्य में जिला प्रशासन की कई टीमें लगातार जुटी हुई हैं.

आज पीएम मोदी करेंगे हवाई निरीक्षण: उत्तराखंड में आई भीषण आपदा के बाद पीएम मोदी लगातार राहत और बचाव कार्यों का अपडेट लेते रहे हैं. आज वो खुद उत्तराखंड आ रहे हैं. पीएम मोदी आपदा प्रभावितों इलाकों का हवाई निरीक्षण करेंगे. उम्मीद है कि प्रधानमंत्री राहत के लिए बड़ी धनराशि देने का ऐलान कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *