उत्तराखंड

गौतम इंटरनेशनल स्कूल में लगी भीषण आग, सभी बच्चे और स्टाफ सुरक्षित

देहरादून : राजधानी दून में इंदिरा नगर (वसंत विहार) स्थित गौतम इंटरनेशनल स्कूल में भीषण आग लगने की जानकारी सामने आई है। गंभीर यह कि घटना बुधवार दोपहर में इस समय हुई, जब स्कूल चल रहा था और वहां छात्र-छात्राएं भी मौजूद थे। सूचना पर अग्निशमन दल स्कूल में पहुंच गया है और आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

गौतम इंटरनेशन स्कूल में अग्निकांड के बीच भारी धुआं निकल रहा है और कुछ भी साफ नजर नहीं आ रहा। स्कूल में बच्चे मौजूद होने के कारण हालात गंभीर नजर आ रहे हैं। फिलहाल, अग्निशमन दल आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहा है। आग के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

मामला बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण सूचना मिलते ही प्रशासन व पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि, कुछ ही देर में अग्निशमन इकाइयों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। बताया गया है कि आग स्कूल के एक्टिविटी रूम में लगी, जिसने कुछ ही देर में भीषण रूप ले लिया। हालांकि, तब तक सभी क्लास रूमों से बच्चे बाहर आ चुके थे। आग के कारणों और स्कूल फायर सेफ्टी इंतजामों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *