उत्तराखंडराष्ट्रीय

झारखंड में भीषण सड़क हादसा : 9 बारातियों की मौत, बोलेरो और ट्रक के बीच टक्कर के कारण हुआ हादसा

सरायकेला: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला से लौट रहे 9 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। दरअसल बारात में शामिल ये लोग शुक्रवार सुबह झारखंड की ओर लौट रहे थे तभी इनकी गाड़ी भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिसमें 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

ट्रेलर ट्रक से हुई जोरदार टक्कर

जानकारी के मुताबिक नीमडीह प्रखंड के तिलाईटाड़ गांव से गुरुवार को एक वाहन से नौ लोग बारात लेकर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला के बलरामपुर स्थित अदाबना गांव गए थे। विवाह कार्यक्रम संपन्न होने के बाद शुक्रवार सुबह लगभग 7:00 बजे के करीब सभी लोग झारखंड-पश्चिम बंगाल बॉर्डर स्थित नामशोल के पास से गुजर रहे थे, तभी उनके वाहन की एक तेज रफ्तार ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही ट्रेलर पलट गया और बोलेरो में सवार सभी नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

सभी मृतक एक ही गांव के निवासी

इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पुरुलिया अस्पताल भेजा गया. इस हृदयविदारक घटना से पूरे तिलाईटाड़ गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं एक ही गांव के नौ युवकों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।

इस हादसे में मारे गये लोगों की पहचान बीरु महतो (बोलेरो मालिक), बांका उर्फ चंद्रमोहन महतो, अजय महतो, विजय महतो, सपन महतो, गुरुपद महतो, शशांक महतो, चितरंजन महतो और मुंडा उर्फ कृष्णा महतो के रूप में हुई है।सभी मृतक सरायकेला-खरसावां जिला के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलाईटाड़ गांव के महतो टोला के निवासी बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *