खुशखबरी! स्वास्थ्य विभाग को मिले 30 विशेषज्ञ चिकित्सक, स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने दी मंजूरी
देहरादून : प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए स्वास्थ्य विभाग को 30 नए विशेषज्ञ चिकित्सक मिल गए हैं। इन चिकित्सकों की तैनाती को स्वास्थ्य मंत्री ने मंजूरी प्रदान कर दी है।
पोस्ट ग्रेजुएशन पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद राज्य सेवा में लौटे इन विशेषज्ञ चिकित्सकों को उनकी विशेषज्ञता के अनुरूप विभिन्न जनपदों में एक यूनिट के रूप में तैनात किया गया है। इससे न केवल विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और त्वरित उपचार भी मिल सकेगा।
सरकार की प्राथमिकता राज्य के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी कड़ी में इन विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
जारी तैनाती के अनुसार बागेश्वर में ईएनटी, ऑब्स एंड गायनी और एनेस्थीसियोलॉजी के विशेषज्ञ, जबकि पौड़ी में जनरल सर्जरी, रेस्पिरेट्री मेडिसिन, एनेस्थीसियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स के साथ जनरल मेडिसिन और ऑब्स एंड गायनी के दो-दो विशेषज्ञ तैनात किए गए हैं। पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली और देहरादून सहित अन्य जनपदों में भी विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों को बागेश्वर, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली और देहरादून सहित विभिन्न जनपदों के जिला चिकित्सालयों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात किया गया है, जिससे प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि इन नियुक्तियों से जहां प्रदेश का स्वास्थ्य तंत्र मजबूत होगा, वहीं आम लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही चारधाम यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।“प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निरंतर तैनाती की जा रही है। 30 नए विशेषज्ञ चिकित्सकों के जुड़ने से स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।

