उत्तराखंड

हरिद्वार में सीएनजी से भरे दो ट्रकों की भिड़ंत, पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा विस्फोट

हरिद्वार : होली पर्व के दौरान जहां हरिद्वार पुलिस अलर्ट मोड में थी, वहीं खानपुर क्षेत्र में सीएनजी गैस से भरे दो भारी वाहनों की टक्कर ने दोपहर में अफरा-तफरी मचा दी। हादसा इतना भीषण था कि गैस रिसाव के चलते आग या विस्फोट का खतरा मंडराने लगा, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। दोपहर करीब 1:10 बजे लक्सर–पुरकाजी मार्ग पर ब्राह्मणवाली पुलिया के निकट तुगलपुर स्थित सीएनजी प्लांट से जुड़े दो ट्रक आपस में टकरा गए। दोनों वाहन पूरी तरह सीएनजी गैस से भरे हुए थे।

टक्कर के बाद दो सिलेंडरों से लगातार गैस का रिसाव होने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही थाना खानपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात की गंभीरता को देखते हुए गोवर्धनपुर और खानपुर की ओर से लगभग 200 मीटर पहले ही यातायात पूरी तरह बंद करा दिया।

फायर ब्रिगेड, आपदा नियंत्रण टीम और सीएनजी विशेषज्ञों को तुरंत बुलाया गया। पुलिस ने घायल चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया और गैस रिसाव को नियंत्रित कराने की प्रक्रिया शुरू कराई। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारू किया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी लक्सर, प्रभारी निरीक्षक खानपुर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक, गोवर्धनपुर चौकी इंचार्ज तथा फायर सेफ्टी अधिकारी अपनी टीमों के साथ मौके पर डटे रहे। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखते हुए पुलिस ने हालात पर नियंत्रण रखा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और साहसिक कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कदम न उठाए जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *