पंचायत चुनाव से पहले हिमाचल बॉर्डर से भारी मात्रा में डायनामाइट बरामद, ऑल्टो कार में मिले विस्फोटक के 5 बॉक्स, तीन युवक गिरफ्तार
देहरादून: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की गहमागहमी के बीच त्यूणी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने एक ऑल्टो कार से भारी मात्रा में डायनामाइट बरामद किया है. कार सवार लोग पुलिस के मांगने पर इससे जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सके. इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है.
पंचायत चुनाव को लेकर सख्ती
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि वर्तमान पंचायत चुनावों के मद्देनजर उन्होंने देहरादून के सभी थाना प्रभारियों को चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने तथा किसी भी प्रकार का प्रलोभन देकर अपने पक्ष में मतदान करने जैसी सभी गतिविधियों पर रोक लगाकर अवैध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिए हैं. इस पर पुलिस द्वारा पूरे जिले में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
त्यूणी में डायनामाइट के बॉक्स बरामद
इसी क्रम में दिनांक 10/07/2025 को त्यूणी पुलिस द्वारा चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान एक ऑल्टो कार संख्या HP 09C 9788 की चेकिंग की गई. इस दौरान वाहन से 125 किलोग्राम वजन के 05 बॉक्स डायनामाइट बरामद हुए. दो डिब्बे डेटोनेटर भी मिले हैं. वाहन में सवार व्यक्तियों से जब इस विस्फोटक सामग्री के संबंध में जरूरी दस्तावेज मांगे गए, तो वे नहीं दिखा सके. इस पर अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद होने पर थाना त्यूणी में एफआईआर दर्ज की गई है. रिंकू, रोहित और सुनील को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है. ये तीनों लोग हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं. तीनों से पूछताछ जारी है.

