उत्तराखंड में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान, 40 के पार पहुंचा तापमान, गर्म हवाओं ने झुलसाया
आंकड़ों पर नजर डालें तो रविवार को दून का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। इसके साथ ही रात का न्यूनतम तापमान भी पांच डिग्री बढ़ोतरी के साथ 26.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मैदान में भीषण गर्मी पहाड़ में उमड़ा पर्यटकों का हुजूम
मैदान में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं। रविवार को मसूरी, कैंपटी फाल, ऋषिकेश में भारी जाम लग गया। वहीं, तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय देहरादून में आंतरिक सड़कें सूनी रहीं। हालांकि देहरादून में भी गुच्चूपानी, सहस्रधारा जैसी पानी वाली जगहों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
झोंकेदार हवाओं के साथ बौछार की चेतावनी
प्रदेश के पर्वतीय जिलाें के कुछ इलाकों में आज (सोमवार) झोंकेदार हवाओं के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर बागेश्वर, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चमोली, चम्पावत, टिहरी और पौड़ी जिले के कुछ इलाकों में 30 से 40 रफ्तार की तेजी से झोंकेदार हवाओं के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया तापमान में इजाफा होने से मैदान से लेकर पहाड़ तक गर्मी बढ़ रही है। आने वाले दिनों में पर्वतीय इलाकों में बारिश की संभावना है। इसका असर मैदानी इलाकों पर पड़ेगा। तापमान कम होने से झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

