15 विभूतियों को मिला उत्तराखण्ड गौरव सम्मान-2026, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मानित
देहरादून : उत्तराखण्ड राज्योत्सव के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 15 विभूतियों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में राजनीति, चिकित्सा, उद्यमिता, फिल्म, लोक कला, शिक्षा, पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण और खेल जगत की हस्तियां शामिल हैं।
राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी को मरणोपरांत उत्तराखण्ड गौरव सम्मान प्रदान किया गया। चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. जीवन सिंह तितियाल, उद्यमिता के क्षेत्र में मनमोहन भारद्वाज और फिल्म जगत में योगदान के लिए अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी को सम्मानित किया गया।
इसी तरह लोक जागर गायन के क्षेत्र में हेमा नेगी करासी तथा शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को सम्मान मिला। सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह को सम्मानित किया गया। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पर्यावरणविद् सुरेश भाई तथा लोक गायन के क्षेत्र में रेशमा शाह को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान प्रदान किया गया।
खेल के क्षेत्र में प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली पांच खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें क्रिकेटर एकता बिष्ट, हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, धाविका अंकिता ध्यानी, मुक्केबाज निकिता चंद और खिलाड़ी कपिल पोखरिया शामिल हैं।
उत्तराखण्ड गौरव सम्मान राज्य के विकास और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वाली विभूतियों को पहचान देने की पहल है। इस सम्मान के माध्यम से न केवल उनके कार्यों और उपलब्धियों को सराहा गया, बल्कि नई पीढ़ी को भी प्रदेश और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।


