Wednesday, September 30, 2026
Latest:
उत्तराखंड

देहरादून में अवैध निर्माणों पर एमडीडीए का एक्शन, दो भवन सील

देहरादून : मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को प्राधिकरण की टीम ने देहरादून के माजरा और बंगाली कोठी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो भवनों को सील कर दिया।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, माजरा में इकराम द्वारा भूतल और प्रथम तल पर किए जा रहे भवन निर्माण को सील किया गया। इस मामले में उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश) नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973 के संशोधन अधिनियम, 2009 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। मामला वाद संख्या आर-0439/एस-1/2022 के रूप में दर्ज था और प्राधिकरण के अभिलेखों में आनन्द बसेरा के नाम से दर्ज है।

दूसरी कार्रवाई बंगाली कोठी, मोधरोवाला रोड में की गई। यहां एम.एस. रावत द्वारा किए जा रहे व्यावसायिक निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निर्माण को सील कर दिया गया। इस मामले में वाद संख्या सी-03076/एस-2/2026 दर्ज किया गया है।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माण को किसी भी स्थिति में प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चिन्हित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में निर्माण गतिविधियों की लगातार निगरानी कर रही हैं। बिना स्वीकृति या निर्धारित मानकों के विपरीत किए जा रहे निर्माण पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भवन स्वामियों और निर्माणकर्ताओं से निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां और मानचित्र की स्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। प्राधिकरण के अनुसार अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *