डीएल रोड में गणपति उत्सव की धूम, सूर्यकांत धस्माना ने की आरती
देहरादून : डीएल रोड में श्री राधे श्याम युवा समिति की ओर से पिछले 12 वर्षों से आयोजित गणपति उत्सव इस वर्ष भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। गणपति स्थापना के चौथे दिन उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना उत्सव पंडाल पहुंचे और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर आरती की।
इस अवसर पर धस्माना ने उपस्थित श्रद्धालुओं को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गणेश रिद्धि-सिद्धि के अधिष्ठाता हैं। उनकी पूजा-अर्चना करने वालों के जीवन में सुख-समृद्धि, विद्या और परोपकार की भावना बनी रहती है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की परंपरा में किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश के पूजन से की जाती है, ताकि सभी विघ्न-बाधाएं दूर रहें और कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हों।
धस्माना ने देहरादून सहित प्रदेश और देशवासियों को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
इस दौरान श्री राधे श्याम युवा समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश ओमी, क्षेत्रीय पार्षद महेश पाल, धर्मपाल घाघट, हेमराज, राजेश चंदेल, शुभम कुमार, दीपक, नोहर सिंह, श्रवण कुमार, सीमा, अंजू, जयमाला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

