Sunday, September 13, 2026
Latest:
उत्तराखंड

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में 2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भेजे निबंध और सुझाव, मुख्यमंत्री धामी ने किया सीधा संवाद

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य युवाओं के सपनों, संकल्प और मेहनत से तय होगा। आज के विद्यार्थी ही कल प्रदेश और देश का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनने का लक्ष्य रखें।

मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित प्रेक्षागृह में ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के विचार, सुझाव और भविष्य के उत्तराखंड की उनकी परिकल्पना जानी और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। प्रदेशभर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने निबंध और अपने विचार भेजे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के विचार उत्तराखंड के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

पलायन पर छात्राओं ने रखे विचार

रुद्रप्रयाग की कक्षा 11 की छात्रा सीमा सेमवाल ने पलायन पर लिखे निबंध के बारे में मुख्यमंत्री से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में स्थायी और अस्थायी दोनों प्रकार का पलायन देखने को मिलता है। शिक्षा और रोजगार के लिए बाहर जाना हमेशा नकारात्मक नहीं है। बाहर जाकर शिक्षा, अनुभव और कौशल हासिल करने से युवाओं को बेहतर अवसर मिलते हैं, लेकिन पहाड़ों में रह रही माताओं और बहनों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।

देवप्रयाग की छात्रा श्रेया सेमवाल ने ‘पहाड़ रहें, अपने रहें, मेरे सपने रहें’ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने पहाड़ों में रोजगार और अवसर बढ़ाने के साथ युवाओं के अपनी जड़ों से जुड़े रहने की जरूरत बताई। वहीं पौड़ी की छात्रा प्रिया ने विकसित उत्तराखंड को लेकर सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब गांव, जिला और राज्य विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे।

छात्रा तमन्ना ने पलायन और खेती से होने वाली कम आय की समस्या को रेखांकित करते हुए ‘मेरा पहाड़, मेरा रोजगार’ की सोच सामने रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं, लेकिन संकल्प मजबूत होना चाहिए। युवाओं को अपनी परिस्थितियों को अवसर में बदलने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

सरकारी स्कूलों और अस्पतालों पर भी उठे सवाल

छात्रा सृष्टि ने सरकारी स्कूलों और अस्पतालों के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ाने से जुड़े सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे व्यक्तित्व साधारण परिवारों से निकलकर देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंचे हैं। उन्होंने युवाओं से अपने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की जानकारी रखने तथा सकारात्मक बदलाव में भागीदारी करने का आह्वान किया।

रुद्रप्रयाग की छात्रा अनुष्का ने पलायन रोकने के सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद गांव-गांव बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 500 से अधिक स्मार्ट कक्षाएं संचालित हैं और रिवर्स माइग्रेशन भी हो रहा है।

पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण पर भी सुझाव

इशिका नेगी और गौरव बिष्ट ने पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और चारधाम यात्रा से जुड़े सुझाव दिए। विद्यार्थियों ने प्राकृतिक संपदा को सुरक्षित रखते हुए पर्यटन को रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने की जरूरत बताई।

छात्र मुकेश कुशवाहा ने छोटे गांवों तक हेलीकॉप्टर एंबुलेंस जैसी स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने और विद्यालय स्तर पर कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू करने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने इसे महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार युवाओं को उनकी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने तथा कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 का भारत और उत्तराखंड कैसा होगा, इसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपने सपनों को लक्ष्य में बदलकर निरंतर मेहनत करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री युवा योजना जैसे प्रयास किए जा रहे हैं। योग्य युवाओं को निष्पक्ष अवसर देने के लिए नकल माफिया के खिलाफ सख्त कानून भी बनाए गए हैं।

कार्यक्रम में छात्रा अदिति गौतम ने मुख्यमंत्री को अपनी बनाई चित्रकृति भेंट की। बेहतर सहभागिता के लिए नोडल शिक्षक अंकुश को सम्मानित किया गया। रुद्रप्रयाग में निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाला उत्तराखंड युवाओं के सपनों का उत्तराखंड होगा और इसके निर्माण में प्रदेश के प्रत्येक युवा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे और मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *