Tuesday, August 25, 2026
Latest:
उत्तराखंड

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने पीएनजी पाइपलाइन कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

देहरादून : मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने प्रदेश में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में विभागीय अधिकारियों, गैस कंपनियों और जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और समयबद्ध ढंग से योजनाएं पूरी करने को कहा।

मुख्य सचिव ने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त होते ही सड़क खुदाई की अनुमति मिलते ही पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। हरिद्वार में कुंभ-2027 से पहले पीएनजी से जुड़े सभी आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने सभी जिलों में संबंधित एजेंसियों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि प्रस्तावित नई सड़कों और अन्य निर्माण कार्यों में पहले से ही पीएनजी पाइपलाइन के प्रावधान शामिल किए जा सकें। इससे भविष्य में बार-बार सड़क खोदने की जरूरत नहीं पड़ेगी और समय व संसाधनों की बचत होगी।

मुख्य सचिव ने आपूर्ति विभाग को पीएनजी इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए गैस कंपनियों को भूमि आवंटन, किराये और लीज से संबंधित स्पष्ट नीति शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित नीति में रोड कटिंग और रोड डिगिंग के प्रावधानों को भी शामिल करने को कहा गया है। साथ ही सड़क और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को खुदाई के बाद निर्धारित मानकों के अनुसार शीघ्र पूर्व स्वरूप में लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रत्येक एजेंसी को परियोजनाओं के लिए विस्तृत टाइमलाइन और टाइमफ्रेम तैयार करने तथा हर सप्ताह के लक्ष्य निर्धारित कर साप्ताहिक प्रगति के आधार पर कार्यों की निगरानी करने को कहा।

मुख्य सचिव ने भारत सरकार की गोवर्धन योजना के तहत उपलब्ध सब्सिडी का लाभ लेने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और गैस एजेंसियों को आपसी समन्वय से निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने को कहा।

बैठक में अपर सचिव रूचि मोहन रयाल, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, आयुक्त खाद्य एवं आपूर्ति बीएल राणा, अपर आयुक्त पीएस पांगती सहित विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *