उत्तराखंड

प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितताओं को लेकर मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने उपजिलाधिकारी विनोद कुमार को सौंपा ज्ञापन 

देहरादून :  जन संघर्ष मोर्चा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ वास्तविक पात्र गरीबों तक पहुंचाने की मांग को लेकर  तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील का घेराव कर जिलाधिकारी देहरादून के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी विनोद कुमार को सौंपा।

ज्ञापन में प्रधानमंत्री आवास योजना की चयन सूची की गहन जांच कराने तथा तहसील स्तर पर इसकी नियमित निगरानी की मांग की गई। उपजिलाधिकारी ने सूची की जांच कर पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।
रघुनाथ सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि विकासनगर ब्लॉक की चयन सूची से कई वास्तविक पात्र गरीबों के नाम हटा दिए गए हैं, जबकि सरकारी नौकरी करने वाले, उनके परिजन और दो-तीन मंजिला मकानों के मालिकों के नाम सूची में शामिल कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने अपने वास्तविक पक्के मकानों की जानकारी छिपाकर पुराने टीन शेड, गौशालाओं या जर्जर भवनों को दर्शाते हुए कथित मिलीभगत से योजना का लाभ लेने का प्रयास किया है।
उन्होंने मांग की कि पूरी चयन सूची की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा वास्तविक पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए।

प्रदर्शन में आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, दिलबाग सिंह, के.सी. चंदेल, आर.पी. भट्ट, अकरम सलमानी, टीकाराम उनियाल, भजन सिंह नेगी, महेंद्र सिंघल, हाजी असद, विनोद रावत, प्रवीण शर्मा, भीम सिंह बिष्ट, पी.के. गोस्वामी, अतुल हांडा सहित बड़ी संख्या में जन संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *