उत्तराखंड

चकराता में ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन’ कार्यक्रम का शुभारंभ

देहरादून : केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून की ओर से चकराता के चिल्ड्रन्स पार्क में तीन दिवसीय ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषयक एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विकासनगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने किया।

मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास होगा। उन्होंने ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन से जुड़ी केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए लोगों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।

खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट ने मिशन की जानकारी देते हुए कहा कि यह पहल गांवों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायक होगी। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय और जनभागीदारी पर जोर दिया।

कार्यक्रम के तहत जौनसार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के बीच ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ विषय पर पोस्टर मेकिंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके अलावा बाल विकास, कृषि, स्वास्थ्य, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, खंड विकास विभाग और स्वयं सहायता समूहों ने जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े सूचना स्टॉल लगाए, जहां लोगों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

तीन दिवसीय कार्यक्रम में चित्र प्रदर्शनी, जन-जागरूकता गतिविधियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं एवं विकसित भारत के संकल्प से आमजन को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *