उत्तराखंड

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने पर्यटन विभाग को पांच वर्षों का रोडमैप तैयार करने के दिए निर्देश 

देहरादून : मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने पर्यटन विभाग को अगले पांच वर्षों के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय करने और पर्यटन उत्पादों के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए परिणाम आधारित कार्ययोजना तैयार की जाए।

सचिवालय में पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि नीती एक्स्ट्रीम अल्ट्रा रन, आदि कैलाश हाई एल्टीट्यूड मैराथन, रिवर राफ्टिंग फेस्टिवल और विंटर कार्निवल जैसे आयोजनों को हर वर्ष तय समय पर आयोजित किया जाए, ताकि प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।

उन्होंने पर्यटन के लिए शॉर्ट टर्म, मीडियम टर्म और लॉन्ग टर्म रणनीति तैयार करने, नए पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटन सर्किट और आवश्यक बुनियादी ढांचे पर काम करने के निर्देश दिए। साथ ही हॉस्पिटैलिटी और पर्यटन परियोजनाओं में निजी निवेश को बढ़ावा देने तथा समावेशी एवं टिकाऊ पर्यटन विकास पर जोर दिया।

मुख्य सचिव ने युवाओं के लिए गाइड प्रशिक्षण को संस्थागत स्वरूप देने की बात कही। उन्होंने कहा कि आईएचएम के माध्यम से ऐसा प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार किया जाए, जिससे प्रशिक्षित युवाओं को देश और विदेश में भी रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत विशेष प्रयास करने और ग्लैंपिंग परियोजनाओं के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर नए पर्यटन उत्पाद विकसित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव अभिषेक रोहिला सहित पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *