Monday, June 8, 2026
Latest:
उत्तराखंड

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पौधारोपण कार्यक्रम में किया प्रतिभाग, बोले ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण का लें संकल्प

देहरादून : प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शहीद दुर्गामल्ल मंडल द्वारा आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत देहरादून के मक्कावाला क्षेत्र में एक फलदार पौधे का रोपण किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है और वृक्षारोपण इसके लिए सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का भी प्रतीक है, जो समाज को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कैबिनेट मंत्री ने युवाओं, सामाजिक संगठनों और आमजन से इस जनअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में शहीद दुर्गामल्ल मंडल के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर ज्योति कोटिया, जिला उद्यान अधिकारी डी.के. तिवारी, लक्ष्मण सिंह रावत, मोहित खरोला, सुंदर सिंह कोठाल, अनुराग सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *