उत्तराखंड

ऑपरेशन प्रहार” में बड़ी सफलता, सुपारी किलर राजन उर्फ जैकी गिरफ्तार

देहरादून : थाना राजपुर क्षेत्र में करीब एक वर्ष पूर्व हुई हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र सिंह डोभाल के नेतृत्व में की गई।

मामला 26 मई 2025 का है, जब जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने अपने ममेरे भाई अजय बटेजा की हत्या की सूचना थाना राजपुर में दी थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को मुजफ्फरनगर निवासी हिस्ट्रीशीटर राजन उर्फ जैकी की संलिप्तता का पता चला।

पुलिस टीम ने 19 मई 2026 को मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लेकर देहरादून लाया, जहां पूछताछ में उसने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। आरोपी ने बताया कि उसने 26 मई 2025 की रात अजय बटेजा की तकिये से गला दबाकर हत्या की थी।

जांच में सामने आया कि यह हत्या प्रॉपर्टी विवाद के चलते की गई थी। मृतक के सौतेले भाई अमित बटेजा ने ही आरोपी को सुपारी दी थी। बदले में उसे संपत्ति में हिस्सा देने और एक अन्य आपराधिक मामले में बचाने का लालच दिया गया था। आरोपी ने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया की मदद से योजना को अंजाम दिया।

घटना की रात आरोपी अपने साथियों के साथ देहरादून पहुंचा और योजना के तहत पहले अजय बटेजा को शराब पिलाई गई। नशे की हालत में होने के कारण वह विरोध नहीं कर सका और आरोपी ने तकिये से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश भी की गई, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। बाद में आरोपी सीसीटीवी की डीवीआर निकालकर मौके से फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी राजन उर्फ जैकी सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत लगभग दो दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह पहले भी सुपारी लेकर कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है।

पुलिस ने मामले में मुख्य साजिशकर्ता अमित बटेजा और हुमेरा उर्फ जोया को वांछित घोषित किया है, जिनकी तलाश जारी है।

इस मामले का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल रेंज द्वारा 5000 रुपये और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा 2500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *