उत्तराखंड

श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं पर जिला प्रशासन की सतत निगरानी, सोनप्रयाग में शटल सेवा हेतु लाइन व्यवस्था सुचारु

रुद्रप्रयाग : श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के संयुक्त नेतृत्व में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर ने सोनप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत संचालित यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि उनके तथा उच्चाधिकारियों द्वारा श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं का लगातार स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोनप्रयाग में संचालित रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर यात्रियों की सुविधा के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं तथा पुलिस बल द्वारा श्रद्धालुओं की लाइन को व्यवस्थित एवं नियंत्रित रूप से संचालित कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक संचालित शटल सेवा में भी यात्रियों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने हेतु पुलिस कर्मी लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं। यात्रियों को क्रमबद्ध तरीके से शटल सेवा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे यात्रा व्यवस्था व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है।

पुलिस उपाधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर यात्रा व्यवस्थाओं विशेषकर लाइन प्रबंधन को लेकर कुछ भ्रामक एवं तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिन पर आमजन एवं श्रद्धालु ध्यान न दें। उन्होंने अपील की कि यात्रा से संबंधित किसी भी सूचना अथवा अपडेट के लिए केवल प्रशासन एवं पुलिस विभाग के आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सहज एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करना है तथा इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *