उत्तराखंड

शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

देहरादून : विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कई महत्वपूर्ण फैसले लेते हुए विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुरोध श्रेणी में आने वाले पात्र शिक्षकों के स्थानांतरण तय समयसीमा में किए जाएंगे, इसके लिए सभी जनपदों से जल्द प्रस्ताव मांगे जाएं।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि एकल शिक्षक वाले विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षक के अवकाश पर जाने की स्थिति में निकटतम विद्यालय से वैकल्पिक व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। इस व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होगी।

देहरादून स्थित माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में आयोजित बैठक में मंत्री ने अनुशासन को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। बिना अनुमति अनुपस्थित रहने, बायोमैट्रिक उपस्थिति न लगाने, नशे की हालत में पाए जाने या छात्राओं से दुर्व्यवहार करने वाले शिक्षकों को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि सभी शिक्षण संस्थानों के 150 मीटर दायरे में शराब, पान, बीड़ी, सिगरेट और तंबाकू की दुकानों को हटाया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों से रिपोर्ट तलब की गई है, ताकि जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
मंत्री ने जनपदों को निर्देश दिए कि वे विद्यालयों में बिजली, पानी, फर्नीचर, शौचालय, खेल मैदान और खेल सामग्री की स्थिति पर रिपोर्ट भेजें। साथ ही विधायकों से दो-दो विद्यालयों के उच्चीकरण के प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने को कहा गया।

प्राथमिक शिक्षा में पात्र शिक्षकों को प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक (जूनियर) पदों पर पदोन्नति देने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा निजी स्कूलों द्वारा मनमाने ढंग से फीस वृद्धि और जबरन किताबें थोपने की शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए ।बैठक में बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों की समीक्षा करते हुए जिन जिलों का प्रदर्शन कमजोर रहा, उन्हें सुधार के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया।

इस अवसर पर प्रभारी निदेशक बेसिक शिक्षा कंचन देवराड़ी को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने उन्हें शॉल और बुके देकर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *