उत्तराखंड

त्योहारों से पहले देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 67 खाद्य पदार्थों की मुफ्त जांच में दूध व मसालों में पाई गई गड़बड़ी

देहरादून :आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड सचिन कुर्वे के निर्देशों के क्रम में जनपद देहरादून में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आम जनमानस को गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में विडलास रिवर वैली सोसायटी, कुआंवाला में खाद्य सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत उपभोक्ताओं द्वारा अपने किचन में उपयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों जैसे दूध एवं दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल, घी, मसाले, दाल आदि की मौके पर ही निःशुल्क जांच की गई तथा खाद्य सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान कुल 67 खाद्य पदार्थों की मुफ्त जांच की गई, जिसमें 4 नमूनों में दूध में मिल्क फैट कम पाया गया तथा 2 मसालों में स्टार्च की मिलावट पाई गई।

सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जनपद देहरादून ने बताया कि यदि कोई उपभोक्ता अपनी सोसायटी या कॉलोनी में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों की निःशुल्क जांच करवाना चाहता है, तो वह कार्यालय, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून से संपर्क कर सकता है।

इस मौके पर उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी खाद्य सचल विश्लेषणशाला वीरेन्द्र सिंह बिष्ट, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (नगर निगम क्षेत्र) रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर संजय तिवारी तथा खाद्य विश्लेषक रमेश जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *